आशीष कश्यप – दैनिक अयोध्या टाइम्स
उत्तर प्रदेश सरकार के स्वतंत्र प्रभार राज्य मंत्री नरेंद्र कश्यप ने मुजफ्फरनगर के ऐतिहासिक कस्बे जानसठ में भगवान महर्षि कश्यप की भव्य प्रतिमा एवं स्मारक परिसर का भूमि पूजन किया। उत्तर प्रदेश पर्यटन विभाग द्वारा लगभग ₹1.31 करोड़ की लागत से विकसित की जा रही इस महत्वाकांक्षी परियोजना को लेकर मंत्री ने कहा कि पूरे भारत में महर्षि कश्यप की इतनी विशाल और भव्य प्रतिमा कहीं नहीं है। यह स्मारक आने वाली पीढ़ियों को उनके गौरवशाली इतिहास, तप और ज्ञान से परिचित कराएगा।

भूमि पूजन समारोह को संबोधित करते हुए मंत्री नरेंद्र कश्यप ने कहा कि इस स्मारक और सौंदर्यीकरण से जानसठ को राष्ट्रीय स्तर पर एक नई सांस्कृतिक व पर्यटन पहचान मिलेगी। इससे स्थानीय स्तर पर व्यापार और रोजगार के नए अवसर पैदा होंगे। उन्होंने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी और मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ के नेतृत्व में सरकार केवल बुनियादी ढांचे का विकास ही नहीं कर रही, बल्कि अपनी सांस्कृतिक जड़ों और महापुरुषों की विरासत को भी सहेजने का कार्य कर रही है।
सपा के ‘चवन्नी’ वाले बयान पर तीखा प्रहारगाजियाबाद में आयोजित एक अन्य कार्यक्रम के दौरान राज्य मंत्री ने समाजवादी पार्टी और उसके नेतृत्व पर जमकर निशाना साधा। राष्ट्रीय लोकदल (RLD) को लेकर सपा द्वारा दिए गए कथित ‘चवन्नी’ वाले बयान पर कड़ी आपत्ति जताते हुए उन्होंने इसे सपा के अहंकार की पराकाष्ठा करार दिया। कश्यप ने कहा कि आरएलडी केवल एक दल नहीं, बल्कि देश के पूर्व प्रधानमंत्री व किसान नेता चौधरी चरण सिंह की विचारधारा से जुड़ा एक मजबूत राजनीतिक आंदोलन है। ऐसे दल का अपमान करना पश्चिमी उत्तर प्रदेश के किसानों और ग्रामीण समाज की भावनाओं का अपमान है।
कानून-व्यवस्था और विकास पर दिया जोरपूर्ववर्ती सपा सरकार पर हमला बोलते हुए मंत्री ने कहा कि 2017 से पहले प्रदेश में दंगों और अराजकता का माहौल रहता था। आज योगी सरकार की ‘जीरो टॉलरेंस’ नीति के कारण अपराधी अपराध करने से कतराते हैं। उन्होंने कहा कि उत्तर प्रदेश आज आधुनिक विकास और अपनी समृद्ध विरासत को एक साथ लेकर तेजी से आगे बढ़ रहा है।




