फर्रुखाबाद।
जनपद के नवाबगंज थाना क्षेत्र के गांव पुठरी में बुधवार को एक सनसनीखेज घटना सामने आई। गांव धुरीहार में सटरिंग का काम कर रहे एक युवक के साथ रास्ते में कुछ लोगों ने न केवल बेरहमी से मारपीट की, बल्कि उसकी जेब से 28 हजार रुपये नकद लूटने और जान से मारने की नीयत से जबरन बाइक पर बैठाकर अपहरण कर ले जाने का गंभीर आरोप लगा है।
क्या है पूरा मामला?
थाना नवाबगंज के गांव पुठरी निवासी हरिओम पड़ोसी गांव धुरीहार में सटरिंग लगाने का काम करता है। बुधवार को काम के दौरान कुछ प्लाई कम पड़ गईं, जिसके बाद हरिओम ट्रैक्टर लेकर अपने गांव पुठरी से प्लाई लेने जा रहा था। रास्ते में कुछ लोगों ने उसे रोक लिया और उसके साथ मारपीट शुरू कर दी।
पीड़ित के अनुसार मारपीट के दौरान उसकी जेब में रखे 28 हजार रुपये निकाल लिए गए। वहीं, ग्राम प्रधान रामनारायण, पीड़ित के भाई सर्वेश और साले आशु ने आरोप लगाया कि दो युवक हरिओम के साथ मारपीट करके भाग निकले, जबकि दो अन्य युवक उसे जान से मारने की नीयत से जबरन बाइक पर बैठाकर अपने साथ ले गए।
ग्रामीणों ने फिल्मी अंदाज में किया पीछा
घटना की भनक लगते ही ग्राम प्रधान राम नारायण, पीड़ित का भाई सर्वेश, साला आशु और अन्य ग्रामीण तुरंत हरकत में आए। उन्होंने आरोपियों का पीछा किया और गांव सितावनपुर के पास घेराबंदी कर हरिओम को उनके चंगुल से सकुशल छुड़ा लिया। परिजनों का आरोप है कि यदि समय रहते ग्रामीण पीछा न करते, तो आरोपी बड़ी घटना को अंजाम दे सकते थे।
पुलिस का पक्ष और प्रशासनिक प्रतिक्रिया
घटना की सूचना मिलते ही नवाबगंज थाना प्रभारी निरीक्षक राजीव कुमार भारी पुलिस बल के साथ मौके पर पहुंचे। पुलिस ने घटनास्थल का मुआयना किया और पीड़ित हरिओम से विस्तृत जानकारी लेने के बाद उसे थाने ले आई। थाना पुलिस ने शुरुआती जांच के आधार पर फिलहाल लूट और अपहरण की घटना से इनकार किया है, और मामले की गहराई से छानबीन की जा रही है।
इस संबंध में जब क्षेत्राधिकारी आलोक कुमार सिंह से संपर्क किया गया, तो उन्होंने बताया कि वह एक जरूरी मीटिंग में व्यस्त थे और उन्हें इस घटना की अभी आधिकारिक जानकारी नहीं है। उन्होंने कहा कि घटना को संज्ञान में लेकर तथ्यों के आधार पर उचित कानूनी कार्रवाई की जाएगी।





