फर्रुखाबाद।
जनपद की कोतवाली कायमगंज के अटैना घाट स्थित एक आश्रम में सोमवार को एक दर्दनाक हादसा हो गया। जनरेटर चलाते समय अचानक तेज करंट की चपेट में आने से 22 वर्षीय युवक की मौके पर ही मौत हो गई। इस दर्दनाक घटना से मृतक के परिवार में कोहराम मच गया है।

खाना बनाने का काम करता था युवक
प्राप्त जानकारी के अनुसार कोतवाली कायमगंज के मोहल्ला नोनियन गंज निवासी गौरव (22) पुत्र स्वर्गीय राकेश कुमार पिछले सात वर्षों से अटैना घाट स्थित नारायण आश्रम में रहकर चाय और खाना बनाने का काम करता था। सोमवार को जब वह जनरेटर चालू कर रहा था, तभी वह गंभीर रूप से करंट की चपेट में आ गया। आश्रम के अन्य कर्मचारी तुरंत उसे गंभीर हालत में कायमगंज सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र लेकर पहुंचे, जहां डॉक्टर अमरेश कुमार ने जांच के बाद उसे मृत घोषित कर दिया।
एक साल में परिवार ने खोए तीन अपने
घटना की सूचना मिलते ही मृतक के परिजन रोते-बिलखते सीएचसी पहुंचे। मृतक की मां सत्यवती ने बेहद दुखी मन से बताया कि गौरव तीन भाइयों में दूसरे नंबर का था। परिवार पर पहले ही दुखों का पहाड़ टूट चुका था, कुछ समय पहले ही उसके बड़े भाई दीपू की भी मृत्यु हो गई थी, और उससे कुछ समय पहले उसके पिता राकेश का भी देहांत हो चुका था। घर में अब केवल गौरव ही एकमात्र कमाने वाला सदस्य बचा था, जिसकी इस दुर्घटना में मौत हो गई। अब परिवार में केवल एक छोटा भाई सौरभ और अविवाहित बहन नैना ही बचे हैं।
पुलिस ने शव को पोस्टमार्टम के लिए भेजा
अस्पताल प्रशासन की सूचना पर कायमगंज कोतवाली पुलिस तुरंत मौके पर पहुंची। पुलिस ने मृतक के शव का पंचनामा भरकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है। इस संबंध में प्रभारी निरीक्षक विनोद कुमार शुक्ला ने बताया कि पुलिस मामले की जांच कर रही है और पोस्टमार्टम रिपोर्ट आने के बाद आगे की वैधानिक कार्रवाई की जाएगी।






