फर्रुखाबाद। जनपद के थाना कमालगंज क्षेत्र के गंगापार इलाके में अवैध मिट्टी खनन की शिकायतों के बीच पुलिस ने देर शाम कार्रवाई करते हुए मिट्टी से भरी एक ट्रैक्टर-ट्रॉली पकड़कर सीज कर दी। पुलिस वाहन को खुदागंज चौकी ले गई, जहां आवश्यक कानूनी कार्रवाई की गई। थानाध्यक्ष राम सहाय सिंह के मुताबिक, दरोगा हाकिम सिंह के नेतृत्व में पुलिस टीम कमालगंज पुल से गंगा पार पहुंची थी। इसी दौरान टीम ने मौके पर मिट्टी लदी ट्रैक्टर-ट्रॉली को पकड़ लिया। पुलिस के अनुसार, ट्रैक्टर-ट्रॉली रामबाबू यादव की बताई जा रही है।

कई इलाकों में अवैध खनन की शिकायतें
स्थानीय लोगों का आरोप है कि गंगापार समेत थाना क्षेत्र के कई इलाकों में बिना अनुमति मिट्टी का खनन किया जा रहा है। गांधी नगर, भटपुरा, कोटिया चौराहा, समदपुर, बिचपुरी, गोपालपुर, द्वारकापुर, नगू नाला, सदरियापुर, अलाउद्दीनपुर, नारायणपुर गढ़िया, निनौरा-शंखलापुर मार्ग, भुलनपुर और चिरपुरा समेत कई स्थानों पर खनन की शिकायतें सामने आती रही हैं। लोगों के मुताबिक कुछ स्थानों पर फावड़े से तो कहीं ट्रैक्टर, जेसीबी और अन्य साधनों के जरिए मिट्टी निकाली जा रही है। हालांकि, इन आरोपों की स्वतंत्र रूप से पुष्टि नहीं हुई है।
ट्रॉली के दाम घटने से बढ़ी प्रतिस्पर्धा
कुछ खनन कारोबारियों ने नाम न छापने की शर्त पर बताया कि मिट्टी की ट्रॉली के कारोबार में प्रतिस्पर्धा बढ़ गई है। उनके अनुसार पहले एक ट्रॉली मिट्टी करीब 700 से 800 रुपये में मिलती थी, लेकिन अब इसकी कीमत घटकर करीब 600 रुपये और कुछ स्थानों पर 500 रुपये तक पहुंच गई है। कारोबारियों का दावा है कि मजदूरी, डीजल और अन्य खर्च निकालने के बाद प्रति ट्रॉली करीब 100 रुपये ही बचते हैं। पुलिस की कार्रवाई के बाद क्षेत्र में अवैध खनन करने वालों में खलबली मची हुई है। स्थानीय लोगों ने गंगापार के अन्य इलाकों में भी अभियान चलाकर बिना अनुमति हो रहे खनन पर प्रभावी कार्रवाई की मांग की है।






