जिला संवाददाता,लखनऊ
लखनऊ। समाज में महिलाएं जिस भी भूमिका में हों, उन्हें अपने अधिकारों और सरकारी योजनाओं के प्रति पूरी तरह जागरूक रहना चाहिए। उम्र सिर्फ एक नंबर है। यह बात राज्य महिला आयोग की उपाध्यक्ष अपर्णा यादव ने शनिवार को इंदिरा नगर स्थित ग्रैंड इन होटल में कही। वह ‘फाउंडेशन फॉर सोशल हेल्प’ की ओर से आयोजित हरियाली तीज उत्सव-2026 को बतौर मुख्य अतिथि संबोधित कर रही थीं।
अपर्णा यादव ने कहा कि केंद्र व प्रदेश सरकार की ओर से चलाई जा रही योजनाएं आमजन के लिए हैं और महिलाओं को आगे बढ़कर इनका लाभ उठाना चाहिए। उन्होंने उत्तर भारत की प्राचीन संस्कृति, व्रत और परंपराओं को सहेजने के लिए महिलाओं की सराहना करते हुए सभी को तीज की बधाई दी। इससे पूर्व, अपर्णा यादव और पार्षद पूजा जसवानी ने दीप प्रज्ज्वलित कर कार्यक्रम का शुभारंभ किया।
गीत-संगीत और सांस्कृतिक प्रस्तुतियों की रही धूम
गणेश वंदना से शुरू हुए इस उत्सव में महिलाओं ने गायन, नृत्य और रैंप वॉक में बढ़-चढ़कर हिस्सा लिया। श्वेता द्विवेदी की सोलो नृत्य प्रस्तुति ने सभी का मन मोह लिया। प्रतियोगिताओं में निर्णायक की भूमिका भाजपा नेता जिया और नंदिता मिश्रा ने निभाई। गायन प्रतियोगिता में मोनिका सोनकर और नृत्य में स्नेहा सक्सेना ने बाजी मारी।
रेनू सिंह के सिर सजा ‘तीज क्वीन’ का ताज
उत्सव के मुख्य आकर्षण ‘तीज क्वीन’ प्रतियोगिता में रेनू सिंह विजेता बनीं, जबकि सुप्रिया सिंह सेकंड रनर-अप रहीं। रैंप वॉक के दौरान पारंपरिक परिधानों में इला, पिंकी, सुधा, मोनिका, आस्था, विजया और रंजीता ने अपना जलवा बिखेरा। मुख्य अतिथि अपर्णा यादव ने सभी विजेताओं को पुरस्कार देकर सम्मानित किया। आयोजक इला मिश्रा और पिंकी वर्मा ने उन्हें स्मृति चिन्ह भेंट किया।
कार्यक्रम के अंत में सावन के गीतों और नृत्य के साथ महिलाओं ने एक-दूसरे को तीज की शुभकामनाएं दीं। इस अवसर पर श्वेता द्विवेदी, सीमा एरी, आस्था नगर, सुधा तिवारी, रेखा मिश्रा, विजया, पद्मा, प्रीति धवन और अलका श्रीवास्तव सहित बड़ी संख्या में महिलाएं उपस्थित रहीं।





