संवाददाता-अरविन्द कुमार
मुरादाबाद। थाना मैनाठेर पुलिस ने गुजरात से बिहार ले जाए जा रहे अमूल दूध की चोरी के मामले में फरार चल रहे एक आरोपी को गिरफ्तार कर लिया गया है। पुलिस ने आरोपी के कब्जे से 3 लाख 85 हजार रुपये नकद, घटना में प्रयुक्त ट्रक और 27 पेटी अमूल दूध बरामद किया है।
पुलिस को सूत्रों से मिली जानकारी में बताया गया कि गुजरात के गोदाम से बिहार के भागलपुर के लिए लोड किया गया अमूल दूध से भरा ट्रक रास्ते में गायब कर दिया गया है। आरोपियों ने साजिश के तहत ट्रक को भागलपुर में रुकवाकर उसमें लदा पूरा माल बिहार के दरभंगा क्षेत्र में बेच दिया था।
पुलिस ने ऐसे दबोचा आरोपी
एसपी ग्रामीण और सीओ बिलारी के पर्यवेक्षण में चल रही विवेचना के दौरान मैनाठेर पुलिस ने वांछित अभियुक्त सऊद पुत्र जुम्मा निवासी ग्राम गुरैर को डिंगरपुर-कुंदरकी मार्ग से गिरफ्तार किया। तलाशी में उसके पास से अमूल दूध बेचकर मिली 3.85 लाख रुपये की नकदी बरामद हुई। इसके साथ ही घटना में इस्तेमाल हुआ ट्रक और बिहार में बेचे गए माल में से 27 पेटी अमूल दूध भी बरामद किया गया।
पूछताछ में हुआ खुलासा
गिरफ्तार आरोपी ने पूछताछ में बताया कि वह गुजरात से ट्रक लेकर बिहार जा रहा था। भागलपुर में सेल टैक्स विभाग द्वारा ट्रक पकड़े जाने और कंपनी द्वारा भुगतान न करने पर उसने अपने साथियों के साथ मिलकर साजिश रची। इसके बाद उन्होंने ट्रक में लदे अमूल दूध को बिहार के कुछ लोगों की मदद से लगभग 7 लाख रुपये में बेच दिया। आरोपी ने बताया कि बिकी हुई रकम में से 3.85 लाख उसके पास थे, जबकि बाकी रकम उसके अन्य साथियों के पास है।
पुलिस ने बताया कि मामले में शामिल अन्य आरोपियों और बाकी धनराशि की बरामदगी के लिए टीमें लगातार दबिश दे रही हैं।






