दैनिक अयोध्या टाईम्स दयानन्द कुमार
सिम्भावली/गढ़मुक्तेश्वर पारिवारिक विवाद के मामले में तारीख पर गई एक महिला ने अपने पति और ससुराल पक्ष के लोगों पर रास्ते में रोककर अभद्रता, मारपीट तथा जान से मारने की धमकी देने का गंभीर आरोप लगाया है। पीड़िता ने थाना सिम्भावली पहुंचकर लिखित शिकायत देते हुए आरोपियों के खिलाफ कार्रवाई और अपनी सुरक्षा की मांग की है।
जानकारी के अनुसार ग्राम बदरखा निवासी गुलफशा पत्नी आतिफ का अपने पति के साथ पारिवारिक विवाद चल रहा है, जिसका मामला न्यायालय में विचाराधीन है। पीड़िता के मुताबिक वह मंगलवार को अपनी बहन राहिल और जीजा के साथ हापुड़ स्थित पुलिस अधीक्षक कार्यालय में मामले की सुनवाई की तारीख पर गई थी।
महिला का आरोप है कि सुनवाई के बाद वापस लौटते समय तहसील हापुड़ के निकट उसके पति आतिफ, खालिद, कादिर तथा कुछ अन्य लोगों ने उसे घेर लिया। आरोप है कि इस दौरान उसके साथ गाली-गलौज की गई और विरोध करने पर मारपीट करने का प्रयास किया गया। महिला के अनुसार शोर-शराबा होने पर आरोपी उसे जान से मारने की धमकी देते हुए मौके से चले गए।पीड़िता ने अपनी शिकायत में यह भी आरोप लगाया कि दोपहर करीब तीन बजे बड़े बिजलीघर सिम्भावली के पास आरोपियों ने दोबारा उसका रास्ता रोक लिया। इस दौरान उसके साथ मारपीट की गई तथा बीच-बचाव करने पहुंचे उसकी बहन और जीजा के साथ भी अभद्र व्यवहार किया गया। आरोप है कि सभी को गंभीर परिणाम भुगतने की धमकी भी दी गई।
महिला का कहना है कि उसे अपने पति और ससुराल पक्ष के लोगों से लगातार खतरा बना हुआ है। उसने पुलिस प्रशासन से सुरक्षा प्रदान करने तथा आरोपियों के विरुद्ध सख्त कानूनी कार्रवाई किए जाने की मांग की है।उधर, थाना प्रभारी सुरेश कुमार सिम्भावली का कहना है कि मामले की शिकायत प्राप्त हुई है। तहरीर के आधार पर आरोपों की जांच की जा रही है तथा जांच में जो भी तथ्य सामने आएंगे, उनके अनुसार आवश्यक विधिक कार्रवाई की जाएगी।





