संवाददाता -अरविन्द कुमार
लोकेशन- मुरादाबाद
मुरादाबाद : जामताड़ा में मोबाइल फोन हैक करने वाली कुछ वेबसाइटों पर सरकार द्वारा रोक लगाए जाने के बाद वहां के साइबर ठग अब दूसरे शहरों में शिफ्ट हो गए हैं। ऐसा ही एक मामला मुरादाबाद में सामने आया है।

कटघर पुलिस और साइबर सेल की संयुक्त कार्रवाई में जामताड़ा, झारखंड के तीन शातिर साइबर ठगों को गिरफ्तार किया गया है। पकड़े गए आरोपितों के नाम गुड्डू अंसारी, रफीक अंसारी और करीम अंसारी हैं।
कैसे करते थे ठगी
पुलिस पूछताछ में आरोपितों ने बताया कि 28 जून को ये तीनों मुरादाबाद आए थे और कटघर क्षेत्र के भैंसियां गांव में एक मकान किराए पर लेकर रहने लगे। पिछले 18 दिनों में इन्होंने करीब 16 लोगों से 70 लाख रुपये की ठगी की।
ये लोग लोगों के मोबाइल पर एपीके फाइल भेजते थे। फर्जी लिंक को बैंक अपडेट, केवाईसी, बिजली बिल, कूरियर या सरकारी योजना के नाम पर डाउनलोड कराते थे। जैसे ही कोई फाइल डाउनलोड करता, ये उसके फोन का पूरा एक्सेस ले लेते थे। इसके बाद इंटरनेट बैंकिंग, UPI और अन्य संवेदनशील जानकारी चोरी कर खातों से पैसे निकाल लेते थे।
ये फर्जी सिम और म्यूल बैंक खातों का इस्तेमाल करते थे। एक जगह 15-20 दिन रुकने के बाद सिम नष्ट कर देते थे और पैसा बिहार, कोलकाता और झारखंड के अलग-अलग खातों में ट्रांसफर कर देते थे।
क्या बरामद हुआ
आरोपितों के पास से पुलिस ने 7 मोबाइल फोन, 4 पेन ड्राइव, 23 एक्टिवेटेड सिम, 5 एयरटेल व 5 जियो के नए सिम कार्ड, 10 एटीएम कार्ड, 11 फर्जी आधार कार्ड, 7 पैन कार्ड और 25 हजार रुपये नकद बरामद किए हैं।
एसपी सिटी कुमार रणविजय सिंह ने बताया कि इंडियन साइबर क्राइम कोऑर्डिनेशन सेंटर पोर्टल पर इस गिरोह के खिलाफ 16 मामले दर्ज हैं। तीनों के खिलाफ मुकदमा दर्ज कर कोर्ट में पेश करने के बाद जेल भेज दिया गया है।






