दैनिक अयोध्या टाइम्स
दयानन्द कुमार
हापुड़। आगामी कांवड़ यात्रा-2026 को शांतिपूर्ण, सुरक्षित एवं व्यवस्थित ढंग से संपन्न कराने के लिए जिला प्रशासन ने तैयारियां तेज कर दी हैं। इसी क्रम में गुरुवार को कलेक्ट्रेट सभागार में जिलाधिकारी कविता मीना की अध्यक्षता में सिंचाई विभाग के अधिकारियों के साथ समीक्षा बैठक आयोजित की गई, जिसमें कांवड़ मार्ग पर आने वाली नहरों, राजवाहों और जलाशयों से संबंधित सुरक्षा व्यवस्थाओं पर विस्तार से चर्चा की गई।

बैठक में जिलाधिकारी ने अधिकारियों को निर्देश दिए कि कांवड़ मार्ग से जुड़ी सभी नहरों, पुलियों और घाटों की सिल्ट सफाई तथा गंदगी हटाने का कार्य प्राथमिकता के आधार पर शीघ्र पूरा किया जाए। उन्होंने कहा कि यात्रा के दौरान श्रद्धालुओं की सुरक्षा सर्वोच्च प्राथमिकता है, इसलिए किसी भी प्रकार की लापरवाही बर्दाश्त नहीं की जाएगी।
डीएम ने गहरे जल वाले स्थानों और दुर्घटना संभावित क्षेत्रों पर चेतावनी बोर्ड लगाने, बैरिकेडिंग कराने तथा सुरक्षा रस्सियां लगवाने के निर्देश दिए। साथ ही ऐसे सभी संवेदनशील स्थलों को चिन्हित कर पुलिस विभाग के साथ संयुक्त निरीक्षण एवं पेट्रोलिंग सुनिश्चित करने को कहा।
उन्होंने सिंचाई विभाग के अधिकारियों को निर्देशित किया कि कांवड़ यात्रा के दौरान नहरों में जल प्रवाह नियंत्रित रखा जाए और बिना पूर्व सूचना के अचानक पानी न छोड़ा जाए, जिससे श्रद्धालुओं की सुरक्षा प्रभावित न हो। जिलाधिकारी ने कहा कि सभी विभाग आपसी समन्वय के साथ कार्य करते हुए यात्रा को सकुशल संपन्न कराने के लिए आवश्यक व्यवस्थाएं समय से पूर्ण करें।
बैठक में संबंधित विभागों के अधिकारी मौजूद रहे तथा कांवड़ यात्रा को लेकर विभागवार तैयारियों की समीक्षा की गई।





