हापुड़ गढ़मुक्तेश्वर/सिंभावली। थाना क्षेत्र के ग्राम बक्सर निवासी एक मोबाइल दुकानदार ने ग्राम प्रधान पर रंजिशन उसकी दुकान के सामने बना नाला तुड़वाने तथा दुकान बंद कराने की धमकी देने का आरोप लगाते हुए पुलिस से कार्रवाई की मांग की है।
ग्राम बक्सर निवासी आमिर पुत्र यामीन ने पुलिस को दी गई तहरीर में बताया कि वह एनएच-9 स्थित पुल के पास मोबाइल की दुकान संचालित करता है और इसी व्यवसाय से अपने परिवार का भरण-पोषण करता है। आमिर का आरोप है कि मंगलवार सुबह करीब 11 बजे ग्राम प्रधान शाहरुख ने कुछ अन्य लोगों के साथ मिलकर उसकी दुकान के सामने बना नाला तुड़वा दिया।
पीड़ित का कहना है कि जब उसने इसका विरोध किया और पूछा कि केवल उसकी दुकान के सामने का नाला ही क्यों तोड़ा गया, जबकि आसपास की अन्य दुकानों के सामने कोई कार्रवाई नहीं की गई, तो प्रधान ने कथित रूप से कहा कि उसी की दुकान के सामने बने नाले को तोड़ने के आदेश थे। आरोप है कि प्रधान ने यह भी कहा कि उसकी दुकान पर ग्राहकों का आना-जाना बंद कराया जाएगा और भविष्य में दुकान बंद करवाकर ही दम लिया जाएगा।
आमिर ने आरोप लगाया कि ग्राम प्रधान पूर्व में भी उसके साथ अभद्र व्यवहार कर चुका है तथा विभिन्न तरीकों से उसे परेशान करता रहा है। पीड़ित के अनुसार, प्रधान द्वारा पहले भी एनएच-9 पर बनी दुकानों के सामने नालों को सफाई के नाम पर तुड़वाया जा चुका है।
दुकानदार ने थाना सिंभावली पहुंचकर मामले की लिखित शिकायत दी है और आरोपित के खिलाफ कानूनी कार्रवाई की मांग की है। पुलिस का कहना है कि प्राप्त तहरीर के आधार पर मामले की जांच की जा रही है तथा जांच में जो तथ्य सामने आएंगे, उसके अनुसार आगे की कार्रवाई की जाएगी।






