दैनिक अयोध्या टाईम्स
दयानन्द कुमार
गढ़मुक्तेश्वर/सिम्भावली क्षेत्र के बक्सर नहर की पटरी पर एक बुजुर्ग व्यक्ति का शव मिलने से सनसनी फैल गई। शव की पहचान बहादुरगढ़ थाना क्षेत्र के गांव खेड़ा निवासी टेनी ठाकुर पुत्र काले के रूप में हुई है। घटना की सूचना मिलते ही परिवार में कोहराम मच गया।
पारिवारिक सूत्रों के अनुसार टेनी ठाकुर किसी निजी काम से घर से निकले थे। काम निपटाने के बाद वह एक रिश्तेदारी में गए थे। बीती रात जब वह रिश्तेदारी से वापस गांव लौट रहे थे तो बक्सर नहर की पटरी पर अचेत अवस्था में पड़े मिले। वहां से गुजर रहे राहगीरों ने शव देखकर तुरंत पुलिस और परिजनों को सूचना दी।
सूचना पर पहुंची सिंभावली पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर जांच शुरू की। थाना प्रभारी इंस्पेक्टर सुरेश कुमार ने बताया कि मृतक की जेब से कुछ दवाइयां भी बरामद हुई हैं। फिलहाल मौत का कारण स्पष्ट नहीं हो सका है।
पुलिस ने शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है। मौत के असली कारणों का पता पोस्टमार्टम रिपोर्ट आने के बाद ही चल सकेगा। पुलिस मामले की हर पहलू से जांच कर रही है।
परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल है। गांव में घटना के बाद मातम का माहौल है।






