रोहित कुमार कुशवाहा
शाहजहांपुर। जनपद के परिषदीय प्राथमिक विद्यालयों में शासन एवं विभागीय आदेशों तथा जिलाधिकारी के निर्देशानुसार 61 सरप्लस शिक्षकों के समायोजन के लिए 61 बंद विद्यालयों को खोले जाने की प्रक्रिया के अंतर्गत समायोजन काउन्सलिंग सम्पन्न हुई। इसके लिए तीन-तीन विकास खंडों के क्लस्टर बनाकर शिक्षकों से विकल्प भरवाए गए।
इससे पहले जिलाधिकारी की अध्यक्षता में आयोजित बैठक में विभिन्न शिक्षक संगठनों के प्रतिनिधियों के साथ विचार-विमर्श किया गया। बैठक में उत्तर प्रदेशीय प्राथमिक शिक्षक संघ के प्रतिनिधिमंडल ने ब्लॉक स्तर पर समायोजन की मांग रखी, जिस पर विचार करते हुए जनपद को पांच पूल में विभाजित किया गया। प्रत्येक पूल में तीन विकास खंड शामिल किए गए तथा जितने सरप्लस शिक्षक थे, उतने ही बंद विद्यालय निर्धारित किए गए।
सभी सरप्लस शिक्षकों को अपने-अपने पूल के अंतर्गत विद्यालय चयन कर विकल्प भरने का अवसर प्रदान किया गया।राजकीय इंटर कॉलेज खिरनीबाग में आयोजित समायोजन काउन्सलिंग में जिलाधिकारी के निर्देशानुसार गठित समायोजन समिति के समक्ष प्रक्रिया सम्पन्न हुई। समिति में जिला विद्यालय निरीक्षक हरवंश कुमार, प्राचार्य डाइट सोनिया गुप्ता, जिला बेसिक शिक्षा अधिकारी दिव्या गुप्ता एवं मुख्य विकास अधिकारी के प्रतिनिधि उपस्थित रहे।
काउन्सलिंग प्रक्रिया के दौरान उत्तर प्रदेशीय प्राथमिक शिक्षक संघ के जिला अध्यक्ष मुनीश मिश्र, जिला मंत्री देवेश बाजपेई, जिला कोषाध्यक्ष रविन्द्र पाल प्रजापति, जिला मीडिया प्रभारी राजकुमार तिवारी तथा देवेन्द्र सिंह ,उमेश चन्द्र सक्सेना, सौरभ अवस्थी सहित अन्य पदाधिकारी उपस्थित रहे।





