रोहित कुमार कुशवाहा
खुटार/शाहजहांपुर। थाना खुटार क्षेत्र के गांव प्रीतमपुर में शनिवार को जमीन विवाद ने हिंसक रूप ले लिया। खेत जोतने को लेकर दो पक्ष आमने-सामने आ गए और देखते ही देखते मारपीट के साथ कई राउंड फायरिंग शुरू हो गई। घटना में चार लोग घायल हो गए, जिनमें तीन की हालत गंभीर होने पर जिला अस्पताल रेफर किया गया है।
जानकारी के अनुसार गांव प्रीतमपुर में रामेश्वर और शिवरानी पक्ष के बीच कई वर्षों से जमीन को लेकर विवाद चला आ रहा है। मामला न्यायालय में विचाराधीन बताया जा रहा है। शनिवार दोपहर खेत जोतने को लेकर दोनों पक्षों में कहासुनी शुरू हुई, जो बाद में हिंसक झड़प में बदल गई। आरोप है कि विवाद के दौरान एक पक्ष की ओर से ताबड़तोड़ फायरिंग की गई।
फायरिंग और मारपीट में विक्रम पुत्र सेवाराम, पंकज पुत्र सुरेश, रवि पुत्र विक्रम और शिशुपाल पुत्र रवि घायल हो गए। सूचना पर पहुंची पीआरबी पुलिस ने घायलों को सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र खुटार पहुंचाया, जहां से विक्रम, पंकज और रवि को गंभीर हालत में जिला अस्पताल रेफर कर दिया गया।
बताया जा रहा है कि मौके पर पहुंची पुलिस टीम पर भी आक्रोशित लोगों ने ईंट-पत्थर फेंके। घटना के बाद इलाके में तनाव का माहौल बना हुआ है। पुलिस ने मौके से कई लोगों को हिरासत में लेकर पूछताछ शुरू कर दी है।
घटना की सूचना मिलते ही क्षेत्राधिकारी पुवायां प्रवीण मलिक मौके पर पहुंचे और स्थिति का जायजा लेकर पुलिस टीम को आवश्यक कार्रवाई के निर्देश दिए। पुलिस पूरे मामले की जांच में जुटी हुई है।






