सोनभद्र,अमान खान ब्यूरो चीफ। भारत निर्वाचन आयोग के निर्देशानुसार, जनपद में मतदाता सूची को शुद्ध और अद्यतन बनाने के लिए 22 फरवरी 2026 (रविवार) को ‘विशेष प्रगाढ़ पुनरीक्षण अभियान दिवस’ घोषित किया गया है। उप जिला निर्वाचन अधिकारी श्री वागीश कुमार शुक्ला ने बताया कि इस दिन जिले के सभी मतदेय स्थलों (बूथों) पर बीएलओ (BLO) और सुपरवाइजर मौजूद रहेंगे।
निर्धारित समय और सुविधाएं
विशेष अभियान के तहत सभी बूथ लेवल अधिकारी अपने-अपने नियत स्थलों पर पूर्वान्ह 10:30 बजे से दोपहर 01:30 बजे तक एकीकृत निर्वाचक नामावली और सभी आवश्यक फॉर्मों के साथ उपस्थित रहेंगे। आम जनता इस दौरान निःशुल्क मतदाता सूची का निरीक्षण कर सकती है और अपना नाम चेक कर सकती है।
किस कार्य के लिए कौन सा फॉर्म भरें?
निर्वाचन कार्यालय ने नागरिकों की सुविधा के लिए फॉर्मों की जानकारी साझा की है:
- फॉर्म-6: मतदाता सूची में नया नाम जुड़वाने हेतु (विशेषकर 18-19 आयु वर्ग के लिए)।
- फॉर्म-6क: प्रवासी निर्वाचक द्वारा नाम सम्मिलित कराने हेतु।
- फॉर्म-7: मतदाता सूची से नाम कटवाने या आपत्ति दर्ज कराने हेतु।
- फॉर्म-8: निवास स्थानांतरण, विवरण में सुधार, डुप्लीकेट आईडी कार्ड या दिव्यांगजन चिन्हांकन हेतु।
उप जिला निर्वाचन अधिकारी ने जनपद के समस्त पात्र नागरिकों से अपील की है कि वे रविवार को अपने मतदेय स्थल पर पहुंचकर इस अवसर का लाभ उठाएं और लोकतंत्र की मजबूती में अपनी भागीदारी सुनिश्चित करें।






