सोनभद्र,अमान खान ब्यूरो चीफ। जनपद में महिलाओं और बालिकाओं की सुरक्षा, सम्मान और स्वावलंबन के लिए ‘मिशन शक्ति 5.0’ के अंतर्गत व्यापक जागरूकता अभियान चलाया गया। पुलिस अधीक्षक अभिषेक वर्मा के निर्देशन और सहायक नोडल अधिकारी डॉ. चारु द्विवेदी के नेतृत्व में जिले के विभिन्न थानों द्वारा स्कूल, कॉलेजों और सार्वजनिक स्थलों पर संवाद कार्यक्रमों का आयोजन किया गया।
सुरक्षा और विधिक अधिकारों की दी गई जानकारी
अभियान के दौरान पुलिस टीमों ने छात्राओं और महिलाओं को उनके कानूनी अधिकारों, ‘गुड टच-बैड टच’ और आत्मरक्षा के सरल उपायों के बारे में विस्तार से बताया। महिलाओं को प्रेरित किया गया कि वे किसी भी प्रकार के उत्पीड़न या छेड़छाड़ के विरुद्ध आवाज उठाएं। पुलिस ने स्पष्ट किया कि महिलाओं की सुरक्षा के लिए विभाग पूरी तरह प्रतिबद्ध है और हर शिकायत पर तत्काल कड़ी कार्रवाई की जाएगी।
साइबर अपराधों से बचाव की अपील
बढ़ते डिजिटल अपराधों को देखते हुए महिलाओं को साइबर सुरक्षा के प्रति भी सचेत किया गया। पुलिस ने बैंकिंग धोखाधड़ी, फर्जी कॉल, सोशल मीडिया के दुरुपयोग और ओटीपी (OTP) साझा न करने जैसी महत्वपूर्ण सावधानियों के बारे में जानकारी दी। कार्यक्रम में विभिन्न हेल्पलाइन नंबरों (112, 1090, 1930 आदि) के प्रभावी उपयोग के बारे में भी जागरूक किया गया ताकि आपात स्थिति में मदद ली जा सके।






