सोनभद्र (अमान खान ब्यूरो चीफ)। जिलाधिकारी बी.एन. सिंह ने शनिवार को विकास खण्ड दुद्धी का दौरा कर एस.आई.आर. (SIR) प्रक्रिया के तहत ई.आर.ओ. (ERO) द्वारा की जा रही नोटिस सुनवाई की कार्यवाही का गहन निरीक्षण किया। इस दौरान उन्होंने ब्लॉक परिसर में चल रही पूरी प्रक्रिया का जायजा लिया और अधिकारियों को आवश्यक दिशा-निर्देश दिए।
निष्पक्षता और पारदर्शिता पर जोर
निरीक्षण के दौरान जिलाधिकारी ने ई.आर.ओ. को स्पष्ट निर्देश दिए कि जिन मतदाताओं को नोटिस जारी किए गए हैं, उनकी सुनवाई पूरी तरह निष्पक्ष और पारदर्शी होनी चाहिए। उन्होंने कहा कि पूरी प्रक्रिया नियमों के अधीन हो और किसी भी पात्र मतदाता को अनावश्यक परेशानी का सामना न करना पड़े। साथ ही, उन्होंने सुनवाई की कार्यवाही का विधिवत अभिलेखीकरण सुनिश्चित करने को भी कहा।
फॉर्म-6 के जरिए अधिक से अधिक नाम जोड़ने का लक्ष्य
डीएम ने मतदाता सूची को अद्यतन करने पर जोर देते हुए कहा कि जो नागरिक अब तक सूची में नाम दर्ज कराने से वंचित रह गए हैं, उन्हें जागरूक कर फॉर्म-6 भरवाया जाए। उन्होंने बी.एल.ओ. को हिदायत दी कि निर्वाचन कार्य को सर्वोच्च प्राथमिकता दें ताकि एक शुद्ध और त्रुटिरहित मतदाता सूची तैयार की जा सके।
ये अधिकारी रहे मौजूद
निरीक्षण के समय जिलाधिकारी के साथ जिला विकास अधिकारी हेमंत कुमार सिंह, परियोजना अधिकारी डूडा सुधांशु शेखर शर्मा, डी.सी. मनरेगा रवीन्द्र वीर सिंह और अपर जिला सूचना अधिकारी विनय कुमार सिंह सहित अन्य संबंधित अधिकारी उपस्थित रहे।






