सोनभद्र (अमान खान ब्यूरो चीफ): जनपद के युवाओं में कानून के प्रति जागरूकता और पुलिस के प्रति सकारात्मक सोच विकसित करने के उद्देश्य से मंगलवार को ‘स्टूडेंट पुलिस एक्सपीरिएंस लर्निंग’ कार्यक्रम का आयोजन किया गया। पुलिस अधीक्षक अभिषेक वर्मा के कुशल निर्देशन में महात्मा गांधी काशी विद्यापीठ (NTPC शक्तिनगर) के छात्र-छात्राओं ने थाना शक्तिनगर का शैक्षणिक भ्रमण कर पुलिस की कार्यप्रणाली को करीब से समझा।
साइबर ठगी और नशे से बचने की दी गई जानकारी
भ्रमण के दौरान थानाध्यक्ष शक्तिनगर कमल नयन दूबे ने छात्र-छात्राओं को वर्तमान समय में बढ़ते साइबर अपराधों से बचाव के तरीके बताए। उन्होंने महिला सुरक्षा, आपातकालीन सेवाओं (जैसे यूपी 112) के सही उपयोग और नशामुक्ति जैसे गंभीर विषयों पर विस्तार से चर्चा की। छात्रों को कानून का सम्मान करने और एक जिम्मेदार नागरिक बनकर समाज में योगदान देने के लिए प्रेरित किया गया।
छात्रों की जिज्ञासाओं का हुआ समाधान
इस शैक्षणिक भ्रमण के दौरान छात्र-छात्राओं में खासा उत्साह देखा गया। उन्होंने पुलिस की कार्यशैली, थानों में एफआईआर की प्रक्रिया और कानून से जुड़े कई सवाल पूछे, जिनका थानाध्यक्ष ने सरल भाषा में समाधान किया।
पुलिस और जनता के बीच बढ़ेगा तालमेल
थानाध्यक्ष शक्तिनगर ने बताया कि भारत सरकार के युवा कार्यक्रम एवं खेल मंत्रालय द्वारा संचालित इस कार्यक्रम का मुख्य लक्ष्य युवाओं में अनुशासन और कानूनी समझ पैदा करना है। इस तरह के आयोजनों से समाज में पुलिस के प्रति विश्वास बढ़ता है और कानून-व्यवस्था को सुदृढ़ करने में युवाओं का सहयोग मिलता है।







