सोनभद्र (अमान खान ब्यूरो चीफ): भारत सरकार के राष्ट्रीय अनुसूचित जाति आयोग, नई दिल्ली के माननीय सदस्य श्री लव कुश कुमार आगामी 9 फरवरी, 2026 को जनपद सोनभद्र के दौरे पर रहेंगे। उनके आगमन को लेकर जिला प्रशासन ने प्रोटोकॉल के तहत तैयारियां शुरू कर दी हैं।
अधिकारियों के साथ होगी कानून व्यवस्था और विकास कार्यों की समीक्षा
अपर जिलाधिकारी (न्यायिक)/प्रभारी प्रोटोकॉल श्री रमेश चन्द्र ने जानकारी देते हुए बताया कि माननीय सदस्य 9 फरवरी को दोपहर 02:00 बजे कलेक्ट्रेट में जिलाधिकारी, पुलिस अधीक्षक एवं अन्य जनपद स्तरीय अधिकारियों के साथ महत्वपूर्ण समीक्षा बैठक करेंगे। इस दौरान अनुसूचित जातियों के हितों के संरक्षण और जिले में संचालित कल्याणकारी योजनाओं की प्रगति की समीक्षा की जाएगी।
बैंकों के कामकाज पर रहेगी नज़र
दौरे के दूसरे दिन यानी 10 फरवरी, 2026 को प्रातः 10:30 बजे श्री लव कुश कुमार वाराणसी जोन के विभिन्न बैंकों (बैंक ऑफ बड़ौदा, PNB, केनरा बैंक, यूनियन बैंक सहित अन्य) के क्षेत्रीय प्रमुखों और वरिष्ठ अधिकारियों के साथ बैठक करेंगे। इस बैठक का मुख्य केंद्र उत्तर प्रदेश में अनुसूचित जातियों के कल्याण और विकास के लिए बैंकों द्वारा चलाई जा रही ‘वित्तीय समावेशन योजनाओं’ की निगरानी और समीक्षा करना होगा।
बैठक में यह जांचा जाएगा कि बैंकों द्वारा इस वर्ग के लिए ऋण और अन्य सरकारी योजनाओं का लाभ सही ढंग से पहुँचाया जा रहा है या नहीं।






