सोनभद्र (ब्यूरो चीफ, अमान खान)। भारत निर्वाचन आयोग के निर्देशानुसार ‘विशेष प्रगाढ़ पुनरीक्षण-2026’ के अंतर्गत जनपद में मतदाताओं को सशक्त बनाने के लिए विशेष अभियान चलाया जा रहा है। अपर जिलाधिकारी (वि./रा.) एवं उप जिला निर्वाचन अधिकारी श्री वागीश कुमार शुक्ला ने बताया कि आगामी 30 और 31 जनवरी को विशेष अभियान दिवस निर्धारित किए गए हैं, जिसमें मतदाता सूची से संबंधित सभी कार्यों का निस्तारण किया जाएगा।
■ मतदेय स्थलों पर उपलब्ध रहेंगे सभी फॉर्म
ADM वागीश कुमार शुक्ला ने जानकारी दी कि इन दो विशेष दिनों में समस्त बी.एल.ओ. (BLO) और सुपरवाइजर अपने-अपने नियत मतदेय स्थलों पर पूर्वान्ह 10:00 बजे से अपरान्ह 04:00 बजे तक अनिवार्य रूप से उपस्थित रहेंगे। इस दौरान नागरिक मतदाता सूची का निःशुल्क निरीक्षण कर सकते हैं और अपनी आवश्यकतानुसार निम्नलिखित फॉर्म भर सकते हैं:
- फॉर्म-6: मतदाता सूची में नया नाम जुड़वाने हेतु।
- फॉर्म-6क: प्रवासी निर्वाचक द्वारा नाम जुड़वाने हेतु।
- फॉर्म-7: मतदाता सूची से नाम कटवाने (अपमार्जित करने) हेतु।
- फॉर्म-8: निवास स्थानांतरण, प्रविष्टियों में सुधार (जैसे नाम, उम्र, फोटो), डुप्लीकेट वोटर आईडी या दिव्यांगजन चिन्हांकन हेतु।
■ छूटे हुए मतदाताओं पर विशेष फोकस
प्रशासन का मुख्य उद्देश्य यह सुनिश्चित करना है कि कोई भी पात्र नागरिक वोट देने के अधिकार से वंचित न रहे। बी.एल.ओ. को निर्देशित किया गया है कि वे अपने क्षेत्र में अधिक से अधिक फॉर्म एकत्रित करें, ताकि मतदाता सूची को त्रुटिहीन और अपडेट बनाया जा सके।
■ उप जिला निर्वाचन अधिकारी की अपील
श्री वागीश कुमार शुक्ला ने जनपद के सम्मानित नागरिकों से अपील की है कि वे इस विशेष अभियान का लाभ उठाएं। यदि आपके परिवार में किसी का नाम छूट गया है या वोटर आईडी में कोई गलती है, तो इन दो दिनों में अपने नजदीकी बूथ पर जाकर इसे अवश्य ठीक करा लें।






