दुद्धी सोनभद्र(राकेश कुमार कन्नौजिया) । शासन के निर्देशों के अनुपालन में पीएम श्री राजकीय इंटर कॉलेज, शक्तिनगर सोनभद्र के विद्यालय परिसर में बुधवार को एक दिवसीय जनजागरूकता कार्यशाला का भव्य आयोजन किया गया। इस अवसर पर थाना शक्तिनगर के थाना प्रभारी कमल नयन दुबे ने छात्र–छात्राओं को समाज व राष्ट्र निर्माण से जुड़े विभिन्न महत्वपूर्ण विषयों पर विस्तार से जानकारी दी।
कार्यशाला के दौरान थाना प्रभारी ने वर्तमान समय में तेजी से बढ़ रहे साइबर क्राइम के खतरों पर प्रकाश डालते हुए विद्यार्थियों को सोशल मीडिया, ऑनलाइन लेनदेन, मोबाइल व इंटरनेट के सुरक्षित उपयोग के बारे में जागरूक किया। उन्होंने बताया कि किसी भी संदिग्ध लिंक, कॉल अथवा मैसेज से सतर्क रहना आवश्यक है तथा किसी भी प्रकार की ऑनलाइन ठगी की स्थिति में तत्काल पुलिस को सूचना दी जानी चाहिए।
मिशन शक्ति 5.0 के अंतर्गत महिला सशक्तिकरण पर चर्चा करते हुए छात्राओं को आत्मरक्षा के गुर बताए गए। उन्होंने कहा कि आत्मविश्वास, सजगता और साहस ही आत्मरक्षा की सबसे बड़ी शक्ति है। साथ ही खेल, स्वास्थ्य एवं शारीरिक शिक्षा के महत्व को बताते हुए विद्यार्थियों को नियमित व्यायाम, खेलकूद और स्वस्थ जीवनशैली अपनाने के लिए प्रेरित किया गया।
थाना प्रभारी ने जीवन में अनुशासन के महत्व पर जोर देते हुए कहा कि अनुशासन ही सफलता की कुंजी है।
विद्यार्थियों को समय प्रबंधन, नियमों के पालन और जिम्मेदार नागरिक बनने की सीख दी गई। इसके साथ ही सड़क सुरक्षा विषय पर विस्तार से जानकारी देते हुए हेलमेट, सीट बेल्ट, ट्रैफिक सिग्नल व यातायात नियमों के पालन की अनिवार्यता बताई गई। कार्यक्रम के अंत में मानवीय मूल्यों जैसे सत्य, ईमानदारी, सहयोग और संवेदनशीलता को अपनाने तथा समाज में दूसरों को भी इसके लिए प्रेरित करने का आह्वान किया गया।
इस अवसर पर विद्यालय के प्रधानाचार्य बुलबुल मिश्रा, सभी शिक्षक–शिक्षिकाएं तथा बड़ी संख्या में छात्र–छात्राएं उपस्थित रहे। कार्यक्रम की सराहना करते हुए जिला विद्यालय निरीक्षक सोनभद्र जयराम सिंह ने कहा कि इस प्रकार की जनजागरूकता कार्यशालाएं सभी विद्यालयों में आयोजित की जानी चाहिए, जिससे बच्चों के माध्यम से परिवार और समाज तक जागरूकता का संदेश पहुंचे और एक सुरक्षित व सशक्त समाज का निर्माण हो सके।





