
कुशीनगर। पडरौना नगर में आयोजित होने वाले ऐतिहासिक डोल मेले को लेकर नगर पालिका परिषद पूरी तरह तैयारियों में जुट गई है। मेले में श्रद्धालुओं और नगरवासियों को किसी तरह की परेशानी न हो, इसके लिए नगर पालिका अध्यक्ष विनय जायसवाल ने नगर पालिका कार्यालय में विभिन्न विभागों के अधिकारियों एवं कर्मचारियों के साथ बैठक कर तैयारियों की समीक्षा की।बैठक के दौरान साफ-सफाई, प्रकाश व्यवस्था, पेयजल, यातायात, जल निकासी सहित अन्य जनसुविधाओं को लेकर विस्तृत चर्चा की गई।

नगर पालिका अध्यक्ष ने संबंधित अधिकारियों और कर्मचारियों को निर्देश दिया कि मेले से जुड़ी सभी व्यवस्थाएं निर्धारित समय से पहले पूरी कर ली जाएं, ताकि आयोजन के दौरान श्रद्धालुओं को किसी प्रकार की असुविधा का सामना न करना पड़े।
श्रद्धालुओं के लिए निःशुल्क चाय-बिस्कुट और पेयजल..
नगर पालिका अध्यक्ष विनय जायसवाल ने बताया कि डोल मेले के दौरान नगर पालिका परिषद की ओर से श्रद्धालुओं एवं मेले में आने वाले लोगों के लिए निःशुल्क चाय, बिस्कुट और पेयजल की व्यवस्था भी की जाती है। उन्होंने इस व्यवस्था को बेहतर और सुचारु ढंग से संचालित करने के निर्देश दिए, ताकि मेले में आने वाले प्रत्येक व्यक्ति को आवश्यक सुविधाएं मिल सकें।

आस्था और परंपरा से जुड़ा है डोल मेला..
नगर पालिका अध्यक्ष ने कहा कि डोल मेला पडरौना की गौरवशाली परंपरा और आस्था से जुड़ा महत्वपूर्ण आयोजन है। श्रद्धालुओं की सुविधा, सुरक्षा, स्वच्छता और बेहतर व्यवस्थाएं नगर पालिका की सर्वोच्च प्राथमिकता हैं। मेले को सकुशल और व्यवस्थित ढंग से संपन्न कराने के लिए सभी विभाग आपसी समन्वय के साथ पूरी जिम्मेदारी से कार्य करें।

ये अधिकारी और कर्मचारी रहे मौजूद..
बैठक में निर्माण विभाग से राम बहादुर, राजकुमार यादव और बालकृष्ण शर्मा, बिजली विभाग से महेंद्र सिंह, प्रमोद मद्धेशिया और अभिषेक सिंह, सफाई विभाग से अनिल मौर्य, घनश्याम यादव, बबलू मोदनवाल और अरुण सिंह, जलकल विभाग से जेई पवन गौड़, मनोज सिंह और अशोक गुप्ता सहित विपिन जायसवाल, अभिषेक चौधरी, जसवंत, राहुल गुप्ता समेत नगर पालिका के अन्य अधिकारी एवं कर्मचारी उपस्थित रहे।
जिला प्रभारी/मान्धाता कुशवाहा/दैनिक अयोध्या टाइम्स





