अमान खान ब्यूरो चीफ सोनभद्र। आमजन की समस्याओं के त्वरित समाधान और पुलिस-जनता के बीच संवाद को बेहतर बनाने के उद्देश्य से मंगलवार को पुलिस कार्यालय में ‘जनता दर्शन’ का आयोजन किया गया। पुलिस अधीक्षक अभिषेक वर्मा ने जनपद के विभिन्न क्षेत्रों से आए फरियादियों की शिकायतों को अत्यंत संवेदनशीलता और धैर्यपूर्वक सुना।
जनता दर्शन के दौरान मुख्य रूप से भूमि विवाद, पारिवारिक कलह, मारपीट, गुमशुदगी और धोखाधड़ी से संबंधित मामले सामने आए। एसपी ने प्रत्येक प्रार्थना पत्र का अवलोकन करते हुए संबंधित थाना प्रभारियों और राजपत्रित अधिकारियों को निर्देशित किया कि इन समस्याओं का निस्तारण केवल कागजों पर न होकर धरातल पर गुणवत्तापूर्ण और निष्पक्ष तरीके से होना चाहिए।
लापरवाही बर्दाश्त नहीं: फरियादियों को न किया जाए अनावश्यक परेशान
पुलिस अधीक्षक ने मातहत अधिकारियों को कड़े लहजे में हिदायत दी कि किसी भी फरियादी को न्याय के लिए दफ्तरों के अनावश्यक चक्कर न काटने पड़ें। उन्होंने कहा कि शिकायतों के निस्तारण में पारदर्शिता और कानून के दायरे का पूर्ण पालन सुनिश्चित किया जाए। जिन मामलों में तत्काल एफआईआर (FIR) या गिरफ्तारी अपेक्षित है, वहां बिना किसी देरी के प्रभावी कार्यवाही की जाए।
एसपी अभिषेक वर्मा ने कहा कि “जनता दर्शन” का मुख्य उद्देश्य पुलिस के प्रति जनता के विश्वास को मजबूत करना है। पुलिस कार्यालय में आयोजित इस कार्यक्रम से पीड़ितों को सीधे अपनी बात उच्चाधिकारियों तक पहुँचाने का सुलभ माध्यम मिल रहा है। उन्होंने स्पष्ट संदेश दिया कि जनसुनवाई में लापरवाही बरतने वाले पुलिसकर्मियों के विरुद्ध सख्त रुख अपनाया जाएगा।





