सोनभद्र,अमान खान ब्यूरो चीफ— कलेक्ट्रेट सभागार में ‘जिला विकास समन्वय और निगरानी समिति (दिशा)’ की बैठक सांसद छोटेलाल खरवार की अध्यक्षता में संपन्न हुई। सांसद ने सभी विभागों को निर्देश दिया कि विकास कार्यों की धनराशि, प्रगति और व्यय की जानकारी जनप्रतिनिधियों को नियमित दी जाए तथा तय समय-सीमा में काम पूरे हों, न होने पर कारण स्पष्ट किया जाए। बैठक में जनप्रतिनिधियों की अनिवार्य उपस्थिति पर भी जोर दिया गया।
सांसद ने पटवध-बसुहारी सम्पर्क मार्ग के अधूरे रहने पर नाराज़गी जताई और जल्द पूर्ण करने को कहा। नगर पालिका अध्यक्ष ने जर्जर बिजली तार-खंभे और नए वार्डों में विद्युतीकरण-पेयजल की मांग उठाई। नगवां में मोबाइल टावर की समस्या पर दूरसंचार अधिकारी ने समाधान का भरोसा दिलाया। हर घर नल योजना में खुदी सड़कों की मरम्मत और पेयजल आपूर्ति तुरंत ठीक करने के निर्देश दिए गए। लोढ़ी टोल प्लाज़ा पर जाम की समस्या दूर करने के लिए अलग-अलग लेन की बात कही गई। अनपरा के 100 बेड अस्पताल में पोस्टमार्टम सुविधा और डॉक्टरों की कमी पर सांसद ने शासन को लिखे पत्र की प्रति मांगी। बैठक में जिलाधिकारी बी.एन. सिंह, सीडीओ जागृति अवस्थी, अध्यक्ष जिला पंचायत राधिका पटेल सहित अन्य अधिकारी और जनप्रतिनिधि उपस्थित रहे।







