अमान खान ब्यूरो चीफ सोनभद्र।भारत निर्वाचन आयोग के निर्देशों के क्रम में विशेष प्रगाढ़ पुनरीक्षण अभियान 2026 के तहत अधिक से अधिक पात्र नागरिकों के नाम मतदाता सूची में दर्ज कराने के उद्देश्य से आज कलेक्ट्रेट सभागार में जिला निर्वाचन अधिकारी की अध्यक्षता में बैठक की गई। बैठक में निर्वाचन कार्य से जुड़े विभिन्न विभागों के जिला स्तरीय अधिकारी उपस्थित रहे।
जिला निर्वाचन अधिकारी/जिलाधिकारी ने बैठक को संबोधित करते हुए कहा कि जनपद में ऐसे सभी नए मतदाता, जिनका नाम अब तक मतदाता सूची में दर्ज नहीं हो पाया है, उनके नाम अनिवार्य रूप से मतदाता सूची में जोड़े जाएं। उन्होंने निर्देश दिए कि फॉर्म-6 भरवाकर पात्र नागरिकों का नामांकन सुनिश्चित किया जाए, ताकि कोई भी योग्य मतदाता अपने मताधिकार से वंचित न रहे।
जिलाधिकारी ने कहा कि इस विशेष अभियान को व्यापक और प्रभावी बनाने के लिए विभागीय समन्वय अत्यंत आवश्यक है। इसके अंतर्गत एनआरएलएम समूहों से जुड़ी महिलाओं, एएनएम, आशा एवं आंगनबाड़ी कार्यकर्ताओं की सक्रिय सहभागिता सुनिश्चित की जाए। साथ ही उच्च शिक्षा विभाग एवं महाविद्यालयों के माध्यम से युवाओं को जागरूक कर उनका नाम मतदाता सूची में दर्ज कराया जाए।
उन्होंने यह भी निर्देश दिए कि ग्रामीण एवं शहरी दोनों क्षेत्रों में विशेष अभियान चलाकर घर-घर संपर्क, शिविरों एवं जागरूकता गतिविधियों के माध्यम से अधिक से अधिक नागरिकों को जोड़ा जाए। सभी संबंधित अधिकारी अपने-अपने क्षेत्र में जिम्मेदारी के साथ कार्य करें और भारत निर्वाचन आयोग की मंशा के अनुरूप जनपद में मतदाता सूची को अधिक समावेशी और त्रुटिरहित बनाने की दिशा में ठोस प्रयास करें।






