रॉबर्ट्सगंज (सोनभद्र),अमान खान ब्यूरो चीफ: जनपद की रॉबर्ट्सगंज पुलिस ने तकनीक और सतर्कता का बेहतरीन उदाहरण पेश करते हुए एक लापता नाबालिग बालिका को मात्र 24 घंटे के भीतर सकुशल बरामद कर लिया है। पुलिस ने इस सर्च ऑपरेशन के लिए रात भर में करीब 80 सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगाली और तकनीकी संसाधनों का उपयोग कर पीड़िता को ढूंढ निकाला।
स्कूल के लिए निकली थी बालिका, रास्ता भटकने से हुई लापता
घटनाक्रम के अनुसार, 07 फरवरी 2026 को रॉबर्ट्सगंज थाना क्षेत्र की रहने वाली करीब 15 वर्षीय छात्रा स्कूल के लिए घर से निकली थी, लेकिन देर शाम तक वापस नहीं लौटी। अनहोनी की आशंका में परिजनों ने तत्काल पुलिस को सूचना दी। पुलिस अधीक्षक श्री अभिषेक वर्मा के निर्देश पर तत्काल मुकदमा दर्ज कर पीड़िता की तलाश के लिए विशेष टीमें गठित की गईं।
पूरी रात चला ‘सर्च ऑपरेशन’
प्रभारी निरीक्षक रामस्वरूप वर्मा के नेतृत्व में पुलिस टीम ने लोढ़ी टोल प्लाजा से लेकर पंचमुखी मंदिर तक के पूरे रूट को कवर किया। पुलिस ने सड़क पर लगे करीब 80 सीसीटीवी कैमरों के फुटेज को रात भर चेक किया। सोशल मीडिया और सर्विलांस की मदद से बालिका की लोकेशन ट्रेस की गई।
बढ़ौली चौराहे के पास मिली सफलता
पुलिस की अथक मेहनत तब रंग लाई जब आज दोपहर करीब 12:00 बजे बालिका को बढ़ौली चौराहे के पास से सकुशल बरामद कर लिया गया। पूछताछ में बालिका ने बताया कि वह रास्ता भटकने के कारण पन्नूगंज की ओर चली गई थी। पुलिस ने विधिक औपचारिकताएं पूरी करने के बाद बालिका को उसके परिजनों को सौंप दिया, जिसके बाद भावुक परिजनों ने पुलिस टीम की जमकर प्रशंसा की।
सराहनीय कार्य करने वाली टीम:
- उ0नि0 अमित सिंह (चौकी प्रभारी कस्बा, रॉबर्ट्सगंज)
- टी.एस.आई. हरेराम यादव एवं भरत कुमार राय
- महिला कांस्टेबल पिंकी







