सोमेंद्र पटेल, महराजगंज रायबरेली। महराजगंज क्षेत्र में पिछले कई दिनों से हो रही भारी वर्षा के कारण ग्राम पंचायत घुरौना की लगभग 400 बीघा कृषि भूमि पूरी तरह से जलमग्न होकर डूबी पड़ी है। खेतों में खड़ी धान, बाजरा व अन्य फसलें पूरी तरह नष्ट हो चुकी हैं, जिससे किसानों को भारी आर्थिक क्षति हुई है।
लेकिन प्रशासन की अनदेखी के कारण अभी तक राजस्व विभाग अथवा कृषि विभाग की किसी भी टीम द्वारा मौके पर आकर कोई सर्वे / निरीक्षण नहीं किया गया है। जिससे ग्रामीणों के चेहरों पर चिंता की लकीरें उभर आई है। एक ओर तो भारी बारिश के कारण कोई काम उपलब्ध नही है वही दूसरी ओर कुदरत की मार ने फसल बर्बाद कर दी जिससे होने वाला पूरे साल का खाद्यान्न भी नष्ट हो गया है। भविष्य में खाद्यान्न की उपलब्धता को लेकर किसान चिंतित व व्यथित नजर आ रहे है। गाँव निवासी किशन सिंह ने जिलाधिकारी को पत्र भेजकर मांग की है कि तत्काल प्रभाव से लेखपाल, कृषि अधिकारी एवं राजस्व टीम को भेजकर जलमग्न भूमि का सर्वे कराया जाये और प्रभावित किसानों को शासन द्वारा निर्धारित उचित मुआवजा / राहत राशि दिलाने की कृपा की जाए।



