31 जुलाई तक चलेगा अभियान, 11 विभागों की संयुक्त भागीदारी, घर-घर जाकर होगा रोगियों का सर्वे—- ब्यूरो चीफ विपिन सिंह चौहान फर्रूखाबाद
बरसात के मौसम में संक्रामक रोगों की आशंका को देखते हुए शासन के निर्देश पर फर्रुखाबाद जिले में मंगलवार से विशेष संचारी रोग नियंत्रण अभियान की शुरुआत हो गई है। जिलाधिकारी आशुतोष कुमार द्विवेदी ने कलेक्ट्रेट परिसर से हरी झंडी दिखाकर जन-जागरूकता रैली को रवाना किया। यह अभियान 1 जुलाई से 31 जुलाई तक जिलेभर में संचालित किया जाएगा।इस अवसर पर डीएम ने कहा कि यह अभियान जनहित में बेहद महत्वपूर्ण है। स्वच्छता और जागरूकता के माध्यम से ही बीमारियों को रोका जा सकता है। उन्होंने सभी विभागों से समन्वय के साथ कार्य करने की अपील की।
11 जुलाई से ‘दस्तक अभियान’ भी होगा शुरू अभियान के तहत 11 जुलाई से दस्तक अभियान की भी शुरुआत होगी। इसमें आशा और आंगनबाड़ी कार्यकर्ता घर-घर जाकर बुखार, खांसी, दस्त, डायरिया, टीबी, इंसेफेलाइटिस (दिमागी बुखार) जैसे लक्षणों से ग्रसित व्यक्तियों की पहचान करेंगी। चिन्हित मरीजों को ओआरएस घोल, जिंक की गोलियां व आवश्यक परामर्श दिया जाएगा। यह कार्य स्वास्थ्य विभाग के निगरानी एवं मार्गदर्शन में किया जाएगा।सर्वे के दौरान साफ-सफाई, जल-जमाव, खुले बर्तनों में रखे पानी, पुराने टायर, कूलर, गमलों आदि की भी जांच की जाएगी ताकि मच्छरजनित रोगों को फैलने से रोका जा सके।सभी सीएचसी पर जागरूकता कार्यक्रम
मुख्य चिकित्साधिकारी डॉ. अवनींद्र कुमार ने बताया कि अभियान की शुरुआत जिले के सभी सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्रों (CHC) और प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्रों (PHC) से भी की गई है। वहां पर स्थानीय अधिकारियों की उपस्थिति में जन-जागरूकता रैली, नुक्कड़ नाटक, भाषण और प्रचार सामग्री के माध्यम से लोगों को साफ-सफाई, व्यक्तिगत स्वच्छता, मच्छरों से बचाव के उपायों की जानकारी दी जा रही है।ये विभाग कर रहे हैं मिलकर काम स्वास्थ्य विभाग के साथ-साथ अभियान में नगर विकास, पंचायती राज, शिक्षा, ICDS, सूचना, ग्राम्य विकास, चिकित्सा शिक्षा, पशुपालन, कृषि और बेसिक शिक्षा विभाग की सक्रिय भागीदारी सुनिश्चित की गई है। ये सभी विभाग अपने-अपने स्तर से जन जागरूकता फैलाने, व्यवस्थाएं दुरुस्त करने और संक्रमण से बचाव की दिशा में कार्य कर रहे हैं।विशेषज्ञों की चेतावनी विशेषज्ञों का कहना है कि डेंगू का मच्छर साफ पानी में पनपता है। इसलिए जरूरी है कि लोग घरों में और आसपास कहीं भी पानी को एकत्र न होने दें। कूलर, टंकी, बाथरूम, गमले व छतों पर रखे खाली डिब्बों में पानी जमा न होने दें और इन बर्तनों को नियमित साफ करें या ढककर रखें।सामाजिक संगठनों और स्कूलों की भी भागीदारी इस अभियान में ग्राम प्रधान, स्कूल शिक्षक, सामाजिक संगठन, स्वयंसेवी संस्थाएं भी जुड़ रही हैं। स्कूलों में बच्चों के माध्यम से स्वच्छता और मच्छर जनित रोगों से बचाव का संदेश घर-घर तक पहुंचाने की योजना बनाई गई है।
यह कहा जिलाधिकारी ने:“स्वास्थ्य सिर्फ अस्पतालों से नहीं सुधरता, जब तक हर व्यक्ति अपने घर और मोहल्ले को साफ नहीं रखेगा, बीमारियों से लड़ाई अधूरी रहेगी। संचारी रोग अभियान का उद्देश्य केवल बीमारियों का इलाज नहीं, बल्कि उन्हें रोकना है।”आशुतोष कुमार द्विवेदी, जिलाधिकारी फर्रुखाबाद यह अभियान जिला प्रशासन की एक महत्वपूर्ण पहल है, जिसका उद्देश्य है।‘रोगों से पहले बचाव’, ताकि समाज स्वस्थ और जागरूक बने।







