दुद्धी/सोनभद्र (ब्यूरो चीफ सोनभद्र)। जिलाधिकारी बी.एन. सिंह के निर्देशन में जिले की तहसीलों में ‘संपूर्ण समाधान दिवस’ अब केवल शिकायतों के निस्तारण का केंद्र नहीं, बल्कि जनकल्याणकारी योजनाओं के लाभ का ‘वन-स्टॉप सेंटर’ बन गया है। शनिवार को आयोजित समाधान दिवस में डीएम की अभिनव पहल के चलते मौके पर ही विभिन्न कैंप लगाकर पात्रों को लाभान्वित किया गया।
मौके पर ही बने दिव्यांग प्रमाण पत्र
अभियान के तहत कैंप में 13 दिव्यांगजनों के दिव्यांग प्रमाण पत्र मौके पर ही स्वास्थ्य विभाग की टीम द्वारा तैयार किए गए, जिन्हें जिलाधिकारी ने स्वयं अपने हाथों से वितरित किया। प्रमाण पत्र पाकर लाभार्थियों के चेहरे खिल उठे। उन्होंने प्रशासन का आभार जताते हुए कहा कि अब उन्हें जिला मुख्यालय के चक्कर नहीं काटने पड़ेंगे, जिससे उनके समय और धन की बचत हुई है।
आयुष्मान और पेंशन योजनाओं की सौगात
स्वास्थ्य और सामाजिक सुरक्षा को प्राथमिकता देते हुए कैंप में निम्नलिखित उपलब्धियां रहीं:
- आयुष्मान कार्ड: कुल 23 पात्र लाभार्थियों के आयुष्मान भारत कार्ड बनाए गए।
- पेंशन योजना: निराश्रित महिला और वृद्धावस्था पेंशन के लाभार्थियों का सत्यापन व नए पंजीकरण किए गए।
- फार्मर रजिस्ट्री: किसानों की सुविधा के लिए फार्मर रजिस्ट्री पंजीकरण की प्रक्रिया भी पूरी की गई।
जनहित में मील का पत्थर
जिलाधिकारी बी.एन. सिंह की इस पहल की क्षेत्र में व्यापक सराहना हो रही है। आमजन का मानना है कि इस तरह के कैंपों से शासन की योजनाएं सीधे और पारदर्शी तरीके से जनता तक पहुँच रही हैं।
इस अवसर पर पुलिस अधीक्षक अभिषेक वर्मा, मुख्य चिकित्साधिकारी पी.के. कुमार राय, उप जिलाधिकारी दुद्धी निखिल यादव सहित जनपद के अन्य वरिष्ठ अधिकारी और कर्मचारी मुस्तैद रहे।






